रायपुर। अंबाती रायडू के संन्यास के फैसले के बाद युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह के निशाने पर एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी आ गए हैं। योगराज सिंह ने कहा कि वह रायडू के संन्यास के फैसले से दुखी हैं। उन्होंने काफी जल्दबाजी में यह फैसला ले लिया। वे अपने फैसले को वापस लें और घरेलू क्रिकेट में रन बनाकर चयनकर्ताओं को गलत साबित करें।
बता दें कि 1 टेस्ट और 6 वनडे खेलने वाले योगराज सिंह ने रायडू के संन्यास का ठीकरा धोनी के सिर पर फोड़ा। इस दौरान उन्होंने धोनी की तुलना सौरव गांगुली से करते हुए कहा कि वह युवाओं को मौका देते थे जबकि धोनी ने ऐसा नहीं किया। एमएस धोनी जैसे लोग हमेशा नहीं रहते। उसके जैसी गंदगी हमेशा नहीं रहेगी।
गौरतलबह है कि रायडू को 2015 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में चुना गया था लेकिन वे प्लेइंग 11 में जगह नहीं बना सके थे। इसके बाद वे कई साल तक टीम इंडिया के सदस्य रहे थे। वर्ल्ड कप 2019 से पहले भी वे टीम इंडिया में नंबर 4 पर खेलते थे। लेकिन इस साल आईपीएल फॉर्म ने उनके लिए वर्ल्ड कप में जाने के रास्ते बंद कर दिए। उनकी जगह विजय शंकर को वर्ल्ड कप में लिया गया था। लेकिन शंकर चोट के चलते बाहर हो गए।