बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी सिंगर निक जोनास हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए हैं। प्रियंका-निक की शादी एक दिसंबर को क्रिश्चियन और दो दिसंबर को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई हैं। दोनों की शादी बेहद शाही अंदाज में जोधपुर के शाही उम्मेद भवन पैलेस में हुई है।
प्रियंका-निक अपनी शादी के बाद आज दिल्ली में रिसेप्शन पार्टी देगें। भारतीय शादी को विदेशी मेहमानों ने खूब एंजॉय किया। इस दौरान निक की जूता चुराई रस्म भी हुई। जिसको उनकी साली परिणीति चोपड़ा ने अंजाम दिया। अब सभी फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि जूता चुराने के बाद परिणीति ने निक से कितने रुपये मांगे?
प्रियंका-निक की शादी से पहले एक इंटरव्यू में परिणीति ने कहा था कि वो जीजू निक से जूता छुपाई के लिए 37 करोड़ रुपये मांगेंगी, लेकिन सब हल्के में ही निपट गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परिणीति ने निक को जूता वापस करने के लिए 5 लाख रुपये मांगें।
दोनों की शाही शादी की हर रस्म शानदार तरीके से हुई। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका-निक की जयमाला रस्म के दौरान भी काफी शैतानियां हुईं। आम शादियों की तरह, दूल्हा-दुल्हन निक-प्रियंका को जयमाला के समय उनके दोस्तों ने ऊपर उठाया था। शादी के बाद निक ने प्रियंका के लिए प्यार भरी स्पीच दी, जिसे सुनकर सभी भावुक हो गए थे। निक ने वादा किया कि वे अपने वचनों के प्रति ईमानदार रहेंगे और आजीवन प्रियंका का ख्याल रखेंगे। ये सब सुनकर प्रियंका भी भावुक हो गईं थीं।
प्रियंका के भाई सिद्धार्थ ने निक को हिंदू रीति रिवाजों के बारे में बताते हुए कहा कि साथ फेरे वचनों की तरह हैं। जिसके अनुसार, दूल्हा-दुल्हन सात जन्मों के लिए एक-दूजे के होना चाहते हैं। रणवीर सिंह की तरह निक ने भी अपने हाथों में मेहंदी रचाई। वहीं प्रियंका ने अपनी मेहंदी पर स्पेशल डिजाइन बनाया। सोमवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर कैप्चर हुईं प्रियंका के हाथों की मेहंदी में गिटार बना हुआ दिखाई दिया। बता दें कि निक जोनास को म्यूजिक बहुत पसंद है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जोनास परिवार में प्रियंका के बहू बनकर आने पर निक जोनास के पिता डेनिस जोनास ने डायमंड की खास इयररिंग गिफ्ट में दी। इनकी कीमत 79,500 डॉलर बताई जा रही है। जो इंडियन करेंसी में करीब 55.46 लाख रुपये है।